Monday, May 6, 2019

'एवेंजर्स एंडगेम' की अजब दीवानगी, फिर भी 'बाहुबली' सब पर भारी

'एवेंजर्स एंडगेम' की दीवानगी का आलम यह है कि इस फिल्म ने भारत में एक सप्ताह में 250 करोड़ रूपये से अधिक का नेट कलेक्शन करके हॉलीवुड की अब तक की तमाम फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.

साथ ही 'एंडगेम' कई बड़ी हिंदी फिल्मों को भी अंगूठा दिखाते हुए आगे बढ़ गई है.

लेकिन हॉलीवुड के कई सुपर हीरोज वाली यह फिल्म, दौलत का पहाड़ खड़ा करने के बावजूद हमारे एक भारतीय सुपर हीरो 'बाहुबली' को नहीं पछाड़ सकी है.

भारत में यह एक 'बाहुबली' आज भी बीस सुपर हीरो पर भारी है.

हॉलीवुड ने यूँ तो पहले भी ऐसी कई फ़िल्में दी हैं जिनकी दीवानगी दर्शकों में देखते ही बनती है.

भारत में भी हॉलीवुड फिल्मों का दर्शकों में इतना क्रेज़ है कि वहां की फिल्मों को जल्द से जल्द देखने के लिए दर्शक उतावले रहते हैं.

लेकिन हालिया प्रदर्शित फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम' ने अपने प्रदर्शन के पहले दिन से ही लोकप्रियता और सफलता के जो नए आयाम बनाये हैं उन्हें देखकर सब दंग हैं.

देखा जाए तो 'एवेंजर्स एंडगेम' ने भारत में 26 अप्रैल को रिलीज़ होने से पहले ही सभी को अपने मोहपाश में ऐसा बाँधा कि फिल्म की एडवांस बुकिंग में ही इसके 10 लाख टिकट बिकने से सभी जगह हाउसफुल के बोर्ड लग गए. इसी के चलते फिल्म की ओपनिंग ने ही वह धमाल कर दिखाया, जो पहले कभी नहीं हुआ था.

'एंडगेम' ने भारत में पहले दिन ही 53 करोड़ 50 लाख रूपये का नेट बिजनेस किया तो सभी की आँखें खुली की खुली रह गयीं.

इससे भारत में रिलीज़ हुयी अभी तक की सभी हॉलीवुड फिल्मों के तमाम पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए.

जारी है कमाई
हालांकि, सफलता का यह नया रिकॉर्ड सिर्फ एक दिन के लिए नहीं बना, सफलता का यह सिलसिला एक सप्ताह होने के बाद अभी तक जारी है.

बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने प्रदर्शन के दूसरे दिन शनिवार 27 अप्रैल को 52 लाख और तीसरे दिन रविवार को फिर से 53 लाख 50 हज़ार रूपये की कमाई कर बता दिया कि बॉलीवुड के देश में इस बार हॉलीवुड कुछ और भी बड़े धमाके करके ही दम लेगा.

क्योंकि पहले तीन दिन यानी वीकएंड के इस कलेक्शन से 'एवेंजर्स एंडगेम' ने कुल लगभग 159 करोड़ रूपये की कमाई करके सफलता का नया इतिहास लिख दिया.

और अब तो सिर्फ 6 दिन में भारत में इस फिल्म ने लगभग 244 करोड़ रूपये का नेट बिजनेस करके बाज़ी पूरी तरह अपने नाम कर ली है.

अब एक सप्ताह होने पर फिल्म का 250 करोड़ रूपये कलेक्शन का आंकड़ा पार करना इस फिल्म के लिए सोने पर सुहागा है.

एक सप्ताह में 250 करोड़ रूपये से ज्यादा की कमाई करना अभी तक बड़े बड़ी हिंदी फिल्मों के लिए भी दूर की कौड़ी रही है.

फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम' की सफलता की एक बड़ी बात यह भी है कि इस फिल्म ने भारत में प्रदर्शित हॉलीवुड की सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ने के साथ हमारे यहाँ बॉक्स ऑफिस के बादशाह और सुलतान माने जाने वाले दिग्गज सितारों की फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए.

भारत में बॉलीवुड की जिस फिल्म ने अब तक सबसे बड़ी ओपनिंग ली है वह फिल्म है 'ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तां'.

अमिताभ बच्चन और आमिर खान की यह फिल्म जब दीवाली के मौके पर पिछले बरस 8 नवम्बर को रिलीज़ हुई, तब इसने पहले दिन ही 52.25 करोड़ रूपये का नेट कलेक्शन करके तहलका मचा दिया था.

इतनी बड़ी ओपनिंग इंडियन सिनेमा के इतिहास में इससे पहले किसी को नहीं मिली थी. लेकिन इस टॉप रिकॉर्ड के बाद 'ठग्स ऑफ़ हिन्दोस्तां' ने अगले दिन बॉक्स ऑफिस पर धराशायी होने का भी एक रिकॉर्ड बना दिया.

इतनी बम्पर ओपनिंग के बाद दूसरे दिन इस फिल्म ने बड़ी मुश्किल से करीब 29 करोड़ का ही बिजनेस किया वह भी इसलिए कि दूसरे दिन की टिकट एडवांस में बिक चुकी थीं और अब थिएटर वाले उन टिकटों को वापस लेने के लिए तैयार नहीं थे.

'ठग्स'...से पहले सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड शाहरुख़ खान की 'हैपी न्यू इयर' के नाम था जिसने पहले दिन करीब करीब 45 करोड़ रूपये का नेट बिजनेस किया था.

ज़ाहिर है 'एंडगेम' ने भारत के बड़े बड़े सितारों और उनकी बड़ी बड़ी फिल्मों का एंडगेम कर दिया है.

अभी तक बड़ी हिंदी फिल्मों की पहले सप्ताह की कमाई पर गौर किया जाए तो भारत में एक सप्ताह में सबसे ज्यादा नेट कलेक्शन लगभग 206 करोड़ रूपये सलमान खान की फिल्म 'टाइगर जिंदा है' का है.

दूसरे नंबर पर रणबीर कपूर की 'संजू' है, जिसने एक सप्ताह में करीब 203 करोड़ रूपये का नेट कलेक्शन किया.

जबकि आमिर खान की 'दंगल' ने एक सप्ताह में लगभग 198 करोड़ रूपये अपने खाते में जमा किये.

लेकिन 'एंडगेम' ने कमाई के मामले में इन सभी हिंदी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है.

फिर भी हमारा सुपर हीरो 'बाहुबली' है अब भी सबसे आगे है.

'एवेंजर्स एंडगेम' की इस प्रचंड सफलता के बाद भी एक बात जो बेहद दिलचस्प है वह यह कि इस फिल्म ने चाहे अन्य सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए लेकिन हमारी 'बाहुबली-2' का किला भेदने में हॉलीवुड की यह फिल्म सफल नहीं हो सकी है.

'एवेंजर्स एंडगेम' भारत में अंग्रेजी के साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ हुई है. इस फिल्म की कमाई के उपरोक्त सभी आंकड़े इन चारों भाषाओँ के संस्करणों को मिलाकर हैं.

ऐसे ही 'बाहुबली-2' भी 28 अप्रैल 2017 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम यानी चार भाषाओँ में प्रदर्शित हुई थी. तब 'बाहुबली-2' ने पहले दिन जहाँ सिर्फ हिंदी संस्करण से करीब 41 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था वहां चारों भाषाओँ में मिलाकर कुल 121 करोड़ रूपये का रिकॉर्ड बिजनेस किया.

लेकिन इस जबरदस्त और शानदार ओपनिंग रिकॉर्ड को न कोई हॉलीवुड की फिल्म तोड़ पायी है और न ही भारतीय सुपर स्टार रजनीकांत की फिल्म '2.O' ( टू पॉइंट ओ').

'बाहुबली-2' की लाइफटाइम कमाई की बात करें तो इसके हिंदी प्रिंट ने ही भारत में ही कुल मिलाकर करीब 510 करोड़ रूपये का विशुद्द संग्रह किया था. जबकि 'बाहुबली-2' की चारों भाषाओँ की कुल जीवन पर्यंत आय लगभग 1060 करोड़ रूपये थी.

'बाहुबली-2' के इस रिकॉर्ड को भी न कोई और देशी विदेशी फिल्म तोड़ पायी और न ही यह 'एंडगेम', 'बाहुबली-2' के इस विशालकाय आंकड़े को छू सकती है. यानी हमारा यह एक सुपर हीरो 'बाहुबली' हॉलीवुड के सभी सुपर हीरो पर भारी है.

No comments:

Post a Comment